हर ब्लॉक में बसेंगे ‘आदर्श कृषि गांव’, खेती से बदलेगी उत्तराखंड की तस्वीर
धामी सरकार का बड़ा विजन : वैज्ञानिक खेती, जैविक उत्पादन और डिजिटल मार्केटिंग से किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस

देहरादून। उत्तराखंड में अब हर विकासखंड में खेती और बागवानी का नया मॉडल तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के प्रत्येक ब्लॉक से एक गांव को “आदर्श कृषि एवं उद्यान गांव” के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का उद्देश्य पारंपरिक खेती को आधुनिक तकनीक, जैविक उत्पादन और बेहतर विपणन व्यवस्था से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है।
गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि गांवों की भौगोलिक परिस्थितियों, जलवायु और भूमि की गुणवत्ता का वैज्ञानिक अध्ययन कर यह तय किया जाए कि किस क्षेत्र में कौन सी फसल, फल या सब्जी बेहतर उत्पादन दे सकती है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि योजनाओं का केंद्र किसानों की आय बढ़ाना और खेती की लागत कम करना होना चाहिए। इसके लिए आगामी तीन वर्षों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आधुनिक तकनीक से जुड़ेगा किसान
मुख्यमंत्री ने गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय समेत अन्य कृषि संस्थानों के सहयोग से बड़े स्तर पर कृषि गोष्ठियों और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। इन कार्यक्रमों में किसानों को उन्नत खेती, वैज्ञानिक तकनीक, बेहतर बीज, पौध और खाद की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने सरसों, तिल, सूरजमुखी और सोयाबीन जैसी तिलहनी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। सरकार का मानना है कि कृषि विविधीकरण से किसानों की आमदनी में बड़ा इजाफा हो सकता है।
जैविक खेती और डिजिटल मार्केटिंग पर जोर
मुख्यमंत्री ने राज्य में जैविक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश देते हुए कहा कि “लैब टू लैंड” अभियान के तहत शोध और तकनीकी नवाचारों का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचाया जाए।
इसके साथ ही बायोगैस संयंत्र, सौर ऊर्जा संचालित पंप और डिजिटल माध्यमों से कृषि उत्पादों की बिक्री को भी बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों को ऑनलाइन मार्केटिंग और आधुनिक विपणन प्रणाली का प्रशिक्षण देने की तैयारी है।
बैठक में उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार डब्बू, सचिव डॉ. एस.एन. पाण्डेय, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



