उत्तराखंड ताज़ा

देवगुरु मंदिर तक पहुंचेगी अब नेटवर्क और रोशनी? सांसद अजय भट्ट ने उठाई बड़ी मांग

ओखलकांडा के प्राचीन देवगुरु मंदिर में 4G टॉवर और बिजली व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री धामी को लिखा पत्र, श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ा अहम मुद्दा

नैनीताल/ओखलकांडा: नैनीताल जनपद के दूरस्थ क्षेत्र ओखलकांडा स्थित प्राचीन श्री देवगुरु मंदिर में संचार और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव का मुद्दा अब तूल पकड़ने लगा है। नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने इस गंभीर समस्या को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भारतीय दूरसंचार सेवा के प्रधान महाप्रबंधक संजय प्रसाद को पत्र भेजकर तत्काल समाधान की मांग की है।

सांसद भट्ट ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि विकासखंड ओखलकांडा के ग्राम पुटपुड़ी, तुसराड़ स्थित श्री देवगुरु मंदिर अत्यंत प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यहां स्वयं बृहस्पति देव का वास माना जाता है, जिससे यह स्थल विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है।

हाल ही में इस मंदिर में पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री रह चुकीं उमा भारती का आगमन भी हुआ, जिससे इस स्थान की प्रतिष्ठा और अधिक बढ़ी है। इसके बावजूद आज तक यहां न तो दूरभाष (टेलीफोन) सुविधा उपलब्ध है और न ही बिजली की व्यवस्था, जो एक गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है।

मंदिर के संत प्रेमानंद जी और पूर्व राजस्व अधिकारी भुवन चंद्र कफल्टिया द्वारा इस समस्या से अवगत कराए जाने के बाद सांसद ने इसे जनहित का मुद्दा बताते हुए तत्काल सोलर आधारित 4G BTS मोबाइल टॉवर और बिजली व्यवस्था स्थापित करने की मांग की है।

सांसद भट्ट ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और क्षेत्र के विकास के लिए इस पवित्र स्थल पर संचार और विद्युत सुविधा उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों से इस दिशा में शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!