डीएम के आदेश पर चला बुलडोजर, नगर निगम की सड़क से अवैध दीवार हटी
प्रॉपर्टी डीलर ने किया था कब्जा, शिकायत पर प्रशासन ने दिखाई सख्ती सीएम के निर्देशों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज, आमजन को मिली राहत

देहरादून : जनपद में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में नगर निगम की सड़क पर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर मार्ग को पूरी तरह कब्जामुक्त करा दिया गया।
मामला चकतुनवाला क्षेत्र का है, जहां स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की सड़क पर प्रॉपर्टी डीलर द्वारा दीवार बनाकर रास्ता अवरुद्ध करने की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।
तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव ने राजस्व निरीक्षक माजरा और शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की। जांच में सड़क पर अवैध निर्माण की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी ने तुरंत दीवार हटाने के आदेश जारी किए।
डीएम के निर्देशों के अनुपालन में राजस्व विभाग, नगर निगम देहरादून और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से अवैध दीवार को ध्वस्त कर दिया और मार्ग को आमजन के लिए खोल दिया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सार्वजनिक स्थलों और मार्गों पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखें, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



