घनसाली बसन्त महोत्सव–2026 का भव्य आगाज, 13 करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किया शिलान्यास-लोकार्पण, बोले—महोत्सव हमारी सांस्कृतिक एकता का प्रतीक

घनसाली (टिहरी गढ़वाल), 12 फरवरी। नगर पंचायत क्षेत्र स्थित श्रीराम होटल में गुरुवार को तीन दिवसीय घनसाली बसन्त महोत्सव–2026 का भव्य शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस दौरान उनकी पुत्रवधु मोहिना रावत, पौत्र शियांश रावत, विधायक शक्तिलाल शाह, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल व भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि बसन्त का मौसम प्रकृति के रंग, उमंग और नई ऊर्जा का प्रतीक है। यह महोत्सव न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करता है बल्कि समाज को एकजुट करने का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि महोत्सव की खुशियों को आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ साझा करें।
मंत्री ने घनसाली विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की 171.79 लाख लागत की एक योजना का शिलान्यास, सिंचाई विभाग की 1069.63 लाख लागत की दो योजनाओं का शिलान्यास तथा पंचायती राज विभाग के 60 लाख की लागत से बने तीन पंचायत भवनों का लोकार्पण किया। इस प्रकार क्षेत्र को कुल 1301.42 लाख रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिली।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में तीव्र गति से विकास कार्य हो रहे हैं। सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और हजारों गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ा गया है। शहरी यातायात सुधार के लिए रिंग रोड व फ्लाईओवर योजनाओं पर कार्य चल रहा है, जबकि दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना संचालित है।
मंत्री ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे योजना के तहत 5000 से अधिक होम स्टे पंजीकृत हो चुके हैं और 1118 लोग लाभान्वित हुए हैं। आदि कैलाश यात्रा को सुगम बनाने तथा लिपुलेख से कैलाश दर्शन के लिए भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने “स्लीप अंडर द स्टार्स” जैसी पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात भी कही।
महोत्सव में स्कूली छात्राओं के बैंड ने अतिथियों का स्वागत किया। राजकीय इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए, जबकि किरेथ केमर के छात्र-छात्राओं ने वीर माधो सिंह भंडारी के जीवन पर आधारित नाटक मंचित किया। मंत्री ने प्रतिभागियों को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। कार्यक्रम में महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी वितरित की गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष कैलाश बडोनी, पूर्व प्रमुख वसुमति घानाता, प्रमुख राजीव कण्डारी, ज्येष्ठ प्रमुख प्यार सिंह बिष्ट, कनिष्ठ प्रमुख कृष्णा गैरोला, एसडीएम अलकेश नौडियाल समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



