टिहरी में परिवहन विभाग का सख्त अभियान
ओवरस्पीड समेत विभिन्न मामलों में 73 वाहनों के चालान

टिहरी। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल के निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को कीर्तिनगर–देवप्रयाग मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-34) पर व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत ओवरस्पीड, बिना परमिट, बिना टैक्स, बिना फिटनेस सहित अन्य अनियमितताओं पर कार्रवाई करते हुए कुल 73 वाहनों के चालान किए गए।
यह विशेष चेकिंग अभियान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) सत्येंद्र राज के नेतृत्व में संचालित किया गया। मौके पर प्रभारी इंटरसेप्टर नरेंद्र मियां, परिवहन सहायक निरीक्षक अनंतराम, अर्जुन सिंह एवं विपिन सिंह मौजूद रहे।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाने की अपील की है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।



