उत्तराखंड

मोथरोवाला इंटर कॉलेज में बाल अधिकारों पर जागरूकता अभियान, 355 छात्र-छात्राओं को मिली कानून व योजनाओं की जानकारी

देहरादून। जिलाधिकारी के निर्देशन में शुक्रवार को जनपद देहरादून स्थित श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज, मोथरोवाला में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं जिला प्रोबेशन कार्यालय, महिला कल्याण विभाग उत्तराखंड की ओर से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा कानूनों एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा।

 

इस अवसर पर किशोर न्याय अधिनियम 2015, पोक्सो एक्ट, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अनाथ प्रमाण पत्र, स्पॉन्सरशिप योजना, दत्तक ग्रहण विनियम 2022, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, विधवा पेंशन योजना तथा गुड टच और बैड टच के बारे में बच्चों को जागरूक किया गया।

 

जागरूकता शिविर में जिला बाल संरक्षण इकाई से रश्मि बिष्ट, सम्पूर्णा भट्ट, यशोदा पंवार (संरक्षण अधिकारी), प्रवीन चौहान एवं मनोज सिंह (आउटरीच वर्कर) ने बच्चों को सरल भाषा में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। चाइल्ड हेल्पलाइन से सुपरवाइजर जगत चौहान, बाल कल्याण समिति की सदस्य नीता काण्डपाल व कुसुमा भट्ट तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैरालीगल वॉलेंटियर सीमा कटारिया भी मौजूद रहीं।

 

कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 355 छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने प्रतिभाग किया। वक्ताओं ने बच्चों से किसी भी प्रकार की समस्या या शोषण की स्थिति में बिना डर संबंधित विभागों व हेल्पलाइन से संपर्क करने का आह्वान किया। जागरूकता अभियान को बच्चों व शिक्षकों ने उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!