उत्तराखंड ताज़ा

सुवाखोली में बहुउद्देशीय शिविर, 32 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर समाधान

मात्र दो दिनों के भीतर गढ़ बुरांसखड़ा मोटर मार्ग के एलाइनमेंट का कार्य पूर्ण होने पर ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का जताया आभार

देहरादून, 16 जनवरी। प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत सुवाखोली में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में कैबिनेट मंत्री ने प्रतिभाग कर आमजन की समस्याएं सुनीं। शिविर के दौरान कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का त्वरित समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।


विभागीय स्टालों का निरीक्षण, योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का कैबिनेट मंत्री ने निरीक्षण किया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, लाभार्थियों को बेबी किट, जबकि किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिससे वे योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।


गढ़ बुरांसखड़ा मोटर मार्ग का एलाइनमेंट दो दिन में पूरा, ग्रामीणों ने जताया आभार

कार्यक्रम के दौरान विगत 12 जनवरी को गढ़ बुरांसखड़ा में आयोजित शिविर में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में मात्र दो दिनों के भीतर गढ़ बुरांसखड़ा मोटर मार्ग के एलाइनमेंट का कार्य पूर्ण कराए जाने पर ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने इसे वर्षों से लंबित मांग का त्वरित समाधान बताते हुए सरकार की संवेदनशीलता की सराहना की।


जनभावनाओं के अनुरूप विकास को मिल रही गति

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को निरंतर गति दे रही है। उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक न्याय पंचायत में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि हर घर जल योजना के माध्यम से प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है, वहीं गांव-गांव तक सड़क निर्माण कर समग्र ग्रामीण विकास को सशक्त किया जा रहा है। गढ़ बुरांसखड़ा मोटर मार्ग की समस्या का त्वरित समाधान सरकार की संवेदनशील कार्यशैली का प्रतीक है।


जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर राज्य मंत्री डॉ. देवेन्द्र भसीन, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!