उत्तराखंड

टिहरी की चार न्याय पंचायतों में उतरा प्रशासन, 1163 ग्रामीणों को मिला सीधा लाभ

टिहरी की चार न्याय पंचायतों में लगे बहुउद्देशीय शिविर, 1163 ग्रामीणों ने उठाया लाभ

टिहरी गढ़वाल। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को जनपद टिहरी गढ़वाल की चार न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों में जिला प्रशासन की टीमों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया।

श्रीकोट, बैन्ज्वाड़ी, जाख नैलचामी और सरोट में पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

तहसील धनोल्टी के जौनपुर ब्लॉक अंतर्गत न्याय पंचायत श्रीकोट, तहसील कीर्तिनगर की बैन्ज्वाड़ी, तहसील घनसाली के भिलंगना ब्लॉक की जाख नैलचामी तथा तहसील टिहरी के थौलधार ब्लॉक की सरोट न्याय पंचायत में एक साथ शिविर लगाए गए। इन शिविरों में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, खाद्य एवं आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन, जल संस्थान, ऊर्जा, पशुपालन, बैंकिंग, कौशल विकास सहित अनेक विभागों के स्टॉल लगाए गए।

श्रीकोट शिविर में 171 लोगों ने लिया भाग

जौनपुर ब्लॉक के श्रीकोट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर की अध्यक्षता डीएफओ वन प्रभाग मसूरी ने की। नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ राजेन्द्र टम्टा ने बताया कि शिविर में 171 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। यहां 36 शिकायतें प्राप्त हुईं, जबकि प्रमाण पत्रों एवं अन्य सेवाओं के लिए 38 आवेदन लिए गए। स्वास्थ्य जांच व अन्य योजनाओं के माध्यम से 87 लोगों को लाभान्वित किया गया।

बैन्ज्वाड़ी शिविर में विधायक ने किया प्रतिभाग

कीर्तिनगर तहसील की बैन्ज्वाड़ी न्याय पंचायत के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर की अध्यक्षता एसडीएम कीर्तिनगर ने की। इस अवसर पर देवप्रयाग विधायक विनोद कण्डारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता जल संस्थान देवप्रयाग नरेश पाल ने बताया कि यहां 366 लोगों ने विभागीय स्टॉलों पर सेवाएं लीं। शिविर में प्राप्त 45 शिकायतों को मुख्यमंत्री जनसमर्पण पोर्टल पर अपलोड कर संबंधित विभागों को भेजा गया। 101 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभ मिला।

जाख नैलचामी में सबसे अधिक 414 लोग पहुंचे

घनसाली तहसील के भिलंगना ब्लॉक स्थित जाख नैलचामी न्याय पंचायत के राजकीय इंटर कॉलेज डांगी में आयोजित शिविर में ब्लॉक प्रमुख राजीव कण्डारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता जल संस्थान घनसाली संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि शिविर में 414 ग्रामीणों ने भाग लिया। 46 शिकायतों में से चार का मौके पर निस्तारण किया गया।

सरोट शिविर में 222 ग्रामीणों को मिली सेवाएं

तहसील टिहरी के थौलधार ब्लॉक अंतर्गत सरोट न्याय पंचायत के कण्डारगांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में आयोजित शिविर की अध्यक्षता डीएफओ वन प्रभाग टिहरी पुनीत तोमर ने की। नोडल अधिकारी एवं पीओ उरेडा शिव सिंह मेहरा ने बताया कि यहां 222 लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। 41 शिकायतों में से आठ का मौके पर समाधान किया गया, जबकि 73 लोगों को स्वास्थ्य व अन्य योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद

सभी शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रशासन की इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय सेवाएं प्राप्त हुईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!