एकीकृत अवस्थापना विकास परियोजना के कार्यों की प्रगति की हुई समीक्षा
होटल–होमस्टे में सीवर व पेयजल व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश

टिहरी गढ़वाल | एकीकृत अवस्थापना विकास परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की अद्यतन स्थिति को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने की।
सीवर और पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी मुनि की रेती नगर पालिका परिषद एवं तपोवन नगर पंचायत को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत संचालित होटल एवं होमस्टे में सीवर व्यवस्था तथा पेयजल आपूर्ति की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करें। उन्होंने जल संस्थान एवं जल निगम को भी इस प्रक्रिया में सम्मिलित करने के निर्देश दिए, ताकि आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही की जा सके।
शहरी निकायों के लिए संसाधनों की आवश्यकता बताई
बैठक में अधिशासी अधिकारी मुनि की रेती एवं तपोवन द्वारा सभी शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) से संबंधित उपकरणों की आवश्यकता रखी गई। इसके साथ ही कैटल कैचर, स्प्रिंकलर, मोबाइल टॉयलेट, जेसीबी, कम्पैक्टर एवं स्मार्ट स्ट्रीट लाइट मैनेजमेंट सिस्टम जैसी सुविधाओं की मांग भी प्रस्तुत की गई।
संबंधित अधिकारी रहे उपस्थित
समीक्षा बैठक में अधिशासी अधिकारी मुनि की रेती अंकिता जोशी, अधिशासी अधिकारी तपोवन अंजलि रावत, प्रोजेक्ट मैनेजर यूयूएसडीए जतिन सिंह, टीम लीडर विनय कुमार, जीआईएस एक्सपर्ट अंकित सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



