सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन जौनपुर शाखा की बैठक में कई प्रस्ताव हुए पारित, भ्रष्टाचार पर भी उठे सवाल
थत्यूड़ को जिला चिकित्सालय दर्जा दिलाने की उठी मांग, बस सेवा और उपकोषागार पर भी रखी गई राय

रिपोर्ट-मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल) – विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ के एक निजी होटल में सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन शाखा जौनपुर की बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष खेमराज भट्ट ने की, जबकि संचालन महासचिव बच्चन दास भारती ने किया। बैठक में पिछली कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में मुख्य रूप से थत्यूड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जिला चिकित्सालय का दर्जा दिलाने की मांग प्रमुख रही। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और जनसंख्या को देखते हुए यहां जिला स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं जरूरी हैं।
इसके अलावा, थत्यूड़ मुख्यालय तक रोडवेज बस सेवा शुरू करने और देहरादून–उत्तरकाशी रूट की बसों का स्टॉपेज थत्यूड़ में तय करने का प्रस्ताव भी रखा गया। सेवानिवृत्त कर्मियों ने कहा कि बस सेवा की अनुपलब्धता के कारण आम जनता व वरिष्ठ नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
बैठक में श्रमिक कार्ड रजिस्ट्रेशन को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव भी दिया गया, ताकि लाभार्थियों को योजना के तहत मिलने वाली 3 लाख रुपये की बीमा सुविधा और कन्या विवाह पर 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का लाभ मिल सके।
संगठन ने यह भी प्रस्ताव रखा कि उपकोषागार को ब्लॉक कार्यालय भवन से हटाकर बाजार क्षेत्र के नजदीक ही शिफ्ट किया जाए, जिससे आम जनता को सुविधा मिल सके।
पूर्व शिक्षा उपनिदेशक चेतन प्रसाद नौटियाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या भ्रष्टाचार की है, जिसके कारण निर्माण कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि “जिन पर निगरानी की जिम्मेदारी है, वही कमीशनखोरी में लिप्त हैं, जिससे आम जनता को नुकसान उठाना पड़ता है।”
उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगली बैठक बड़े स्तर पर आयोजित की जाएगी, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि मुद्दों पर व्यापक चर्चा हो सके।
बैठक में कोषाध्यक्ष शांति प्रसाद गौड़, मेहरबान सिंह पवार, सुंदरलाल भट्ट, सुरेंद्र दत्त बिजल्वाण, ओमप्रकाश, धर्मदास, दिलदास भारती सहित कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।



