नागटिब्बा में होगी श्रीमद्भागवत कथा, सीएम धामी को दिया निमंत्रण

थत्यूड़। टिहरी जिले जौनपुर ब्लाक के अंतर्गत नागटिब्बा धाम में 27 मई से 2 जून 2026 तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया गया है।
धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार के साथ पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें कथा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
आयोजन समिति के अनुसार कथा का आयोजन देवस्थली नागटिब्बा धाम में होगा। कथा वक्ता आचार्य महावीर प्रसाद शास्त्री करेंगे। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा। साथ ही फेसबुक और यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजन नागटिब्बा विकास समिति एवं स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री को आमंत्रण दिए जाने की जानकारी जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष सुभाष रमोला ने अपने फेसबुक प्रोफाइल के माध्यम से साझा की।



