थत्यूड़ में एडम मेमोरियल ऑर्गेनिक फार्मिंग प्रोजेक्ट का शुभारंभ, दिव्यांगों को मिलेगा सम्मानजनक रोजगार
संवेदना प्रोजेक्ट लंढौर कम्युनिटी अस्पताल के सहयोग से शुरू, ग्रामीणों और स्टाफ की उपस्थिति में आयोजित हुआ उद्घाटन

- प्रोजेक्ट का उद्देश्य: दिव्यांग एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों को आत्मनिर्भर बनाना
- प्रशिक्षण: ऑर्गेनिक खेती की नई तकनीकों और कृषि आधारित कार्यों में प्रशिक्षण
- लाभ: परियोजना से जुड़े व्यक्तियों को आय सृजन और दवाइयों/दैनिक आवश्यकताओं के खर्च में सहायता
रिपोर्ट-मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी)। संवेदना प्रोजेक्ट और लंढौर कम्युनिटी अस्पताल के सहयोग से एडम मेमोरियल ऑर्गेनिक फार्मिंग प्रोजेक्ट का शुभारंभ ग्राम मथामाली में किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में डॉक्टर जॉर्ज, डॉक्टर राजा एवं उनके परिवार, डॉक्टर नैथन, लंढौर कम्युनिटी अस्पताल के स्टाफ सदस्य, संवेदना प्रोजेक्ट मैनेजर राजकुमार, सुशील थपलियाल, विजय रतूड़ी, नरेश रतूड़ी सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
संवेदना प्रोजेक्ट के मैनेजर राजकुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों को सम्मानजनक रोजगार के अवसर प्रदान करना है। इस परियोजना के तहत उन्हें ऑर्गेनिक खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी और कृषि आधारित कार्यों में प्रशिक्षण मिलेगा।
उन्होंने कहा कि संवेदना प्रोजेक्ट के माध्यम से इलाज करा रहे व्यक्तियों को इस प्रोजेक्ट से जोड़कर उन्हें आय सृजन का अवसर मिलेगा। इससे वे अपनी दवाइयों और दैनिक आवश्यकताओं का खर्च स्वयं वहन कर सकेंगे और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे।



