उत्तराखंड

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में टिहरी एक्रो फेस्टिवल एवं नेशनल SIV चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन

हिमालयन O2 परियोजना का शुभारंभ, 26.45 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल के कोटि कॉलोनी में आयोजित चार दिवसीय टिहरी एक्रो फेस्टिवल एवं नेशनल SIV चैंपियनशिप 2026 का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सहित मंचासीन अतिथियों ने पैराग्लाइडिंग के लाइव प्रदर्शन का अवलोकन किया। कार्यक्रम की शुरुआत अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रोहिला द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई।


पर्यटन और साहसिक खेलों का केंद्र बन रहा टिहरी : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसमूह, बच्चों एवं खिलाड़ियों का अभिनंदन करते हुए आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि टिहरी गढ़वाल अब केवल ऊर्जा उत्पादन का केंद्र नहीं, बल्कि पर्यटन और साहसिक खेलों के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है, जिससे भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। खेल आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।


साहसिक खेल देंगे टिहरी को वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी में आयोजित साहसिक खेल प्रदेश को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने का कार्य कर रहे हैं। उत्तराखंड अब केवल आध्यात्मिक भूमि नहीं, बल्कि असीम संभावनाओं वाला राज्य बन चुका है।

उन्होंने बताया कि टिहरी में 400 से अधिक युवा पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और सरकार उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। शीतकालीन यात्रा और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आयोजित खेल गतिविधियां वर्षभर रोजगार सृजन का माध्यम बनेंगी।


‘हिमालयन O2’ थीम पर टिहरी लेक महोत्सव का अनावरण

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘हिमालयन O2’ थीम पर आधारित टिहरी लेक महोत्सव का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से उत्तराखंड की स्वच्छ वायु और पर्यावरण संरक्षण को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।


26.45 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 26 करोड़ 45 लाख 86 हजार रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें प्रमुख रूप से—

  • बहेड़ा–नकोट–कुडियालगांव–नागदेव मोटर मार्ग का अपग्रेडेशन
  • थान–बमर–धर्मघाट मोटर मार्ग का सुधार कार्य
  • चम्बा विकासखंड में विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण
  • नई टिहरी स्थित विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सामुदायिक भवन निर्माण
  • राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय रानीचौरी का निर्माण
  • जिला स्तरीय जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला भवन
  • पंचायत भवनों का निर्माण, सुमन पार्क का पुनर्विकास एवं लैंडस्केपिंग कार्य
  • ग्रामीण मोटर मार्गों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास शामिल रहा।

11 देशों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि टिहरी में एक्रो फेस्टिवल का आयोजन तीसरी बार किया गया है, जिसमें 11 देशों के 25 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों तथा नेशनल SIV चैंपियनशिप में 27 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में टिहरी झील को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। ‘हिमालयन O2’ थीम के अंतर्गत 6 से 9 मार्च तक जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।


विजेताओं को किया गया सम्मानित

समापन अवसर पर प्रतियोगिता के विजेता मृदुल पायल, गौरव ठाकुर, कपिल नौटियाल सहित अन्य खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।


ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में कैबिनेट एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चंबा नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला, ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, राजेश नौटियाल, मुलायम सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!