उत्तराखंड ताज़ा

टिहरी झील में बड़ा हादसा टला: आंधी-तूफान में डगमगाई फ्लोटिंग हट, SDRF ने 30 लोगों की बचाई जान

तेज तूफान से टिहरी झील में मची अफरा-तफरी, फ्लोटिंग हट का एक्सल ज्वाइंट खुला; रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

टिहरी गढ़वाल। टिहरी झील में शनिवार शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने कुछ देर के लिए दहशत का माहौल पैदा कर दिया। शाम करीब 7:20 बजे झील में मौजूद एक फ्लोटिंग हट का एक्सल ज्वाइंट का हिस्सा खुल जाने से हट अस्थिर होकर तेज़ी से हिलने लगी। उस समय फ्लोटिंग हट में करीब 30 लोग मौजूद थे। हादसे की आशंका के बीच मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तुरंत एसडीआरएफ कोटी कॉलोनी की टीम को मौके पर रवाना किया। एसडीआरएफ जवानों ने तेज हवाओं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाते हुए अपनी 140 एचपी मोटर बोट से 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं टाडा यूनियन की बोट की मदद से 15 अन्य लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। बचाए गए लोगों में फ्लोटिंग हट का स्टाफ भी शामिल था।

प्रशासन द्वारा सभी पर्यटकों और कर्मचारियों को सुरक्षित ठहराने की व्यवस्था भी तत्काल की गई। इनमें 22 लोगों—11 पुरुष और 11 महिलाओं—को लेक व्यू होटल में ठहराया गया, जबकि बाकी 8 लोगों—5 पुरुष और 3 महिलाओं—को इको हट में सुरक्षित रखा गया।

राहत की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम में किसी भी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं मिली। सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और स्थानीय टीमों की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाल दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!