
नई टिहरी। मानसून सीजन में संभावित आपदा प्रबंधन और जनहित से जुड़े कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टिहरी जिले की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त शासकीय कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश एवं मुख्यालय छोड़ने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के न तो अवकाश पर जाएगा और न ही मुख्यालय छोड़ पाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से तत्परता से निपटने और प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए लिया गया है।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को आदेशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाया जाता है या निर्देशों का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी के इस आदेश को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है और सभी संबंधित विभागों को आपदा प्रबंधन से जुड़े संसाधन एवं योजनाओं को सक्रिय मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।



