उत्तराखंड ताज़ा

मसूरी जाने वालों के लिए बड़ी अपडेट! नया ब्रिज खुला

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कुठालगेट के पास अस्थायी वैली ब्रिज किया जनता को समर्पित, पर्यटन सीजन में यातायात होगा सुगम

देहरादून, 24 अप्रैल। मसूरी-देहरादून मार्ग पर लंबे समय से लग रहे जाम और यातायात दबाव से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कुठालगेट शिव मंदिर के समीप नवनिर्मित वैली ब्रिज का लोकार्पण कर इसे आम जनता को समर्पित कर दिया।

उद्घाटन के बाद मंत्री जोशी ने विभागीय अधिकारियों के साथ पुल का निरीक्षण किया और तत्पश्चात इसे आवागमन के लिए खोल दिया गया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनता की सुविधा के लिए लगातार प्रयासरत है।

मंत्री जोशी ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान इस मार्ग पर यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या के समाधान के लिए स्थायी पुल के निर्माण तक अस्थायी वैली ब्रिज का निर्माण किया गया है।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करना सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पुल के शुरू होने से न केवल जाम की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी सुचारू होगी और पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। मसूरी क्षेत्र के लोगों ने इस पहल के लिए कैबिनेट मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!