उत्तराखंड ताज़ा

जनता दरबार में गरजीं डीएम नितिका खंडेलवाल, 55 से ज्यादा शिकायतों पर अफसरों को दिए सख्त निर्देश

पेयजल, पुनर्वास, सड़क, राशन, भूमि विवाद और टिहरी बांध प्रभावितों की समस्याएं उठीं, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर भी जताई नाराजगी

नई टिहरी। जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनता दरबार में 55 से अधिक शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें पेयजल, पुनर्वास, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, राशन, भूमि विवाद और टिहरी बांध प्रभावितों से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण किया जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन शिकायतों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए।

जनता दरबार में जौनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत लामकांडे के प्रधान दिनेश सिंह रावत ने चुनारी गाड़ नाले से उत्पन्न खतरे का मामला उठाया, जिस पर डीएम ने जिला विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत कोट की प्रधान ममता भट्ट ने भूमाफियाओं द्वारा सहमति के बिना भूमि खरीदने की शिकायत दर्ज कराई, जिसकी जांच के आदेश तहसीलदार को दिए गए।

प्रतापनगर क्षेत्र से टिहरी बांध प्रभावितों ने मुआवजा और विस्थापन से जुड़े मामलों को उठाया, जबकि भरपूर पट्टी की सीता देवी ने अंत्योदय राशन कार्ड की मांग रखी। बौराड़ी क्षेत्र में पेयजल संकट की शिकायत पर जल संस्थान को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत पाली की प्रधान जयसुरी देवी ने सड़क निर्माण के दौरान डंपिंग से पेयजल स्रोत को हो रहे नुकसान और आपदा में क्षतिग्रस्त मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग रखी। वहीं जिला पंचायत सदस्य सीता मनवाल ने मरोड़ा पुल खाद्य गोदाम में खाद्य आपूर्ति निरीक्षक की नियमित अनुपस्थिति का मुद्दा उठाया, जिस पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, डीडीओ मो. असलम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!