गांधी और शास्त्री के आदर्श राष्ट्रसेवा की राह दिखाते रहेंगे: सीएम धामी
मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित कर किया भावपूर्ण स्मरण

देहरादून। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने उनके चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर देश के प्रति उनके योगदान और आदर्शों का भावपूर्ण स्मरण किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और मानवता के सिद्धांत सदैव समाज को प्रेरणा देते रहेंगे। गांधी जी के विचार आज भी शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता की स्थापना के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं। उनके जीवन और संघर्ष से देशवासियों को सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका प्रसिद्ध ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष देश के जवानों और किसानों के सम्मान तथा राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सदैव रेखांकित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान व्यक्तित्वों के आदर्श देश और समाज की सेवा के लिए सभी को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे। उनके विचारों और जीवन मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।



