चारधाम यात्रा में टला बड़ा हादसा: ब्रेक फेल होने पर फंसे मॉरीशस के श्रद्धालु, टिहरी पुलिस बनी देवदूत
गंगोत्री-यमुनोत्री दर्शन के बाद बद्रीनाथ-केदारनाथ जा रहे थे 12 विदेशी यात्री, दुगड्डा चौकी पुलिस की तत्परता से सुरक्षित बचीं जानें

नई टिहरी। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के दौरान मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब मॉरीशस से आए श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक की सूझबूझ और टिहरी पुलिस की तत्परता ने 12 विदेशी यात्रियों की जान बचा ली। घटना के बाद यात्रियों ने टिहरी पुलिस की मानवता और त्वरित सहायता की जमकर सराहना की।
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर संख्या HR55AQ8209 में सवार 12 यात्री मॉरीशस से चारधाम यात्रा पर उत्तराखंड आए हुए थे। श्रद्धालु गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन करने के बाद श्री बद्रीनाथ एवं केदारनाथ धाम की ओर रवाना हुए थे।
दोपहर करीब 2:30 बजे चौकी दुगड्डा क्षेत्र में अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। अचानक आई इस आपात स्थिति में चालक ने घबराने के बजाय हैंड ब्रेक का इस्तेमाल करते हुए वाहन को नियंत्रित कर लिया। चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही दुगड्डा चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाला और चौकी में सुरक्षित बैठाया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत मोटर मैकेनिक को बुलाकर वाहन के ब्रेक ठीक करवाए।
वाहन सही होने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। विदेशी श्रद्धालुओं ने टिहरी पुलिस की संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और मददगार रवैये की खुलकर प्रशंसा की।
टिहरी पुलिस ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पुलिस हर परिस्थिति में यात्रियों की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



