उत्तराखंड

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर डीआईपीआर की नई पहल, अब पॉडकास्ट के जरिए जनता तक पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर किया शुभारंभ, फेक न्यूज पर लगाम और सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल पर दिया जोर

देहरादून, 16 नवंबर 2026। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) ने डिजिटल मीडिया की दिशा में नई पहल करते हुए डिजिटल पॉडकास्ट की शुरुआत की। जिला सूचना कार्यालय देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर इस पहल का शुभारंभ किया। इस पहल के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आम जनता तक सरल, सहज और प्रभावी तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

 

डिजिटल माध्यमों से जन-जन तक पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी

 

शुभारंभ के अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके जरिए सरकारी योजनाओं, जनहितकारी कार्यक्रमों और विकास कार्यों से जुड़ी जानकारियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए संचार के आधुनिक माध्यमों का उपयोग समय की जरूरत है।

 

फेक न्यूज पर अंकुश लगाने के लिए सत्यता की जांच जरूरी

 

सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही फेक न्यूज पर चिंता व्यक्त करते हुए बंशीधर तिवारी ने कहा कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना बेहद जरूरी है। बिना पुष्टि के भ्रामक जानकारी प्रसारित करने से समाज में गलत संदेश जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ करें और विश्वसनीय सूचनाओं को ही आगे बढ़ाएं।

 

डिजिटल मीडिया से देश-दुनिया तक पहुंचेगी उत्तराखंड की लोक संस्कृति

 

स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों ने हमारी लोक परंपराओं और त्योहारों को वैश्विक पहचान दिलाने के नए अवसर प्रदान किए हैं। हरेला, इगास और छठ पूजा जैसे पर्वों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा रहा है।

 

उन्होंने युवा पीढ़ी और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल समाज में रचनात्मक संवाद, विश्वसनीय सूचना और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए।

 

कार्यक्रम के दौरान सूचना महानिदेशक ने जिला सूचना कार्यालय देहरादून का निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

 

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, अपर जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ सहायक इंद्रेश कोठारी सहित जिला सूचना कार्यालय के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!