खिट्टा गांव में पांडव लीला की धूम, सोना सजवाण बोलीं- लोक संस्कृति और धार्मिक आस्था का प्रतीक है पांडव नृत्य
पांडव लीला के छठे दिन माता कुंती के वचन और पांचों पांडवों की धर्मनिष्ठा के प्रसंगों का हुआ भावपूर्ण मंचन, खिट्टा और मंजखेत की साझा सांस्कृतिक विरासत देखने उमड़े श्रद्धालु

लंबगांव (टिहरी गढ़वाल)। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र की भदूरा पट्टी के खिट्टा गांव में आयोजित पारंपरिक पांडव नृत्य के छठे दिन धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। पांडव लीला के विभिन्न पौराणिक प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। खिट्टा और मंजखेत गांवों की साझा लोक संस्कृति एवं धार्मिक विरासत से जुड़ा यह आयोजन क्षेत्र में आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दे रहा है।
कार्यक्रम में जड़ी-बूटी सलाहकार समिति की उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने पांडव लीला स्थल पर मां भगवती के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
लोक परंपराओं को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी : सोना सजवाण
सोना सजवाण ने कहा कि पांडव लीला उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से न केवल क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना जुड़ी होती है, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि लोक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। इन्हें जीवंत बनाए रखने के लिए ग्रामीणों का सामूहिक प्रयास सराहनीय है। नई पीढ़ी तक अपनी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं को पहुंचाने में पांडव लीला जैसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
माता कुंती और पांचों पांडवों के प्रसंगों का मंचन
पांडव लीला के छठे दिन माता कुंती के वचन और पांचों पांडवों की धर्मनिष्ठा से जुड़े पौराणिक प्रसंगों का विशेष मंचन किया गया। कलाकारों ने पारंपरिक शैली में इन प्रसंगों को जीवंत रूप से प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रघुवीर सजवाण, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हरि प्रसाद डिमरी, मनमोद रावत, चंदन सिंह रावत, विकास पोखरियाल, कमल पोखरियाल और विपिन रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।



