उत्तराखंड

प्रतापनगर की समस्याओं को लेकर सीएम धामी से मिलीं सोना सजवाण, सड़क-पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं पर हुई चर्चा

डोबरा-चांठी और मोटणा-मदननेगी मार्गों के सुधारीकरण को मिली वित्तीय स्वीकृति पर जताया आभार, जल जीवन मिशन के ठेकेदारों के भुगतान का मुद्दा भी उठाया

नई टिहरी/देहरादून। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर जड़ी-बूटी सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए प्रतापनगर के समग्र विकास के लिए संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी।

रिंग रोड का दूसरा चरण विकास के लिए होगा अहम

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रतापनगर क्षेत्र के विकास के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने एडीबी सहायतित रिंग रोड के दूसरे चरण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके निर्माण से विकास को गति मिलेगी। इसके अलावा क्षेत्र में सड़क, पेयजल और सिंचाई से संबंधित कई योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।

सोना सजवाण ने डोबरा से चांठी और मोटणा से मदननेगी मोटर मार्गों के सुधारीकरण एवं पुनर्निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दिए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लंबगांव बाइपास मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

जल जीवन मिशन के ठेकेदारों के भुगतान का मुद्दा उठाया

मुलाकात के दौरान सोना सजवाण ने जल जीवन मिशन के तहत कार्य करने वाले स्थानीय ठेकेदारों के लंबे समय से लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में केंद्र सरकार से भी वार्ता की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रतापनगर क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर भी मुख्यमंत्री को विभिन्न सुझाव दिए।

भाजपा संगठन के कार्यक्रमों पर भी हुई चर्चा

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सोना सजवाण ने भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्र नाथ शर्मा से भी भेंट की। इस दौरान पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, बूथ सशक्तीकरण और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा हुई।

सोना सजवाण ने कहा कि प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को अनुकूल परिणाम मिलेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!