उत्तराखंड

कैंपटी में 15 से 20 होटल-रेस्टोरेंट पर पूर्ति विभाग का औचक निरीक्षण, घरेलू गैस के इस्तेमाल पर सख्त चेतावनी

किचन से अलग स्थान पर मिले खाली घरेलू गैस सिलेंडर, प्रतिष्ठान संचालकों को दी गई हिदायत; उल्लंघन पर सिलेंडर जब्ती और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

कैंपटी (टिहरी गढ़वाल)। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद खाद्य आपूर्ति विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर शनिवार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विवेक साह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने कैंपटी क्षेत्र के करीब 15 से 20 होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों का उपयोग होता पाया गया। हालांकि, एक-दो रेस्टोरेंट में किचन से अलग स्थान पर खाली घरेलू गैस सिलेंडर रखे मिले। इस पर संबंधित रेस्टोरेंट संचालकों को खाली सिलेंडर तत्काल प्रतिष्ठान से हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में खाली घरेलू सिलेंडर मिलने पर भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग गैरकानूनी

पूर्ति निरीक्षक चित्रा कोठियाल ने प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करना गैरकानूनी है। नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़े जाने पर सिलेंडर जब्त करने के साथ ही संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने व्यापारियों से नियमों का पालन करने और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में निर्धारित श्रेणी के गैस सिलेंडरों का ही इस्तेमाल सुनिश्चित करने की अपील की।

व्यापार मंडल भी करेगा पहल

कैंपटी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक नौटियाल ने इस मामले में जल्द ही होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक करने की बात कही। बैठक के माध्यम से व्यापारियों को घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के उपयोग से संबंधित नियमों की जानकारी दी जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।

घरेलू गैस के दुरुपयोग पर जारी रहेगा अभियान

खाद्य आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया कि जनहित में समय-समय पर प्रवर्तन अभियान चलाए जाते रहेंगे। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या दुरुपयोग पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 सहित लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!