पीएम श्री अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज पुजारगांव में पहली बार छात्र परिषद का गठन, अक्षित कंडारी और प्राजली बने छात्र-छात्रा प्रमुख
179 छात्र-छात्राओं ने किया मतदान, 95 प्रतिशत रहा मतदान प्रतिशत; बैलेट पेपर से हुआ चुनाव, निर्वाचित प्रतिनिधियों ने विद्यालय हित में कार्य करने का लिया संकल्प

थत्यूड़/सकलाना। जौनपुर विकासखंड के सकलाना क्षेत्र स्थित पीएम श्री अटल उत्कृष्ट शहीद नागेंद्र दत्त सकलानी इंटर कॉलेज पुजारगांव सत्यों में पहली बार छात्र परिषद का चुनाव आयोजित किया गया। चुनाव में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 179 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत करीब 95 प्रतिशत रहा।
बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न हुए चुनाव में अक्षित कंडारी को छात्र प्रमुख तथा प्राजली को छात्रा प्रमुख निर्वाचित किया गया। वहीं सजना और अजीत को सांस्कृतिक प्रमुख, पीयूष को स्वच्छता प्रमुख तथा उत्सव सकलानी को अनुशासन प्रमुख चुना गया।
चुनाव अधिकारी कमलेश सकलानी ने बताया कि छात्र परिषद चुनाव में छात्र प्रमुख पद के लिए चार, छात्रा प्रमुख के लिए छह, स्वच्छता प्रमुख के लिए पांच, सांस्कृतिक प्रमुख के लिए छह तथा अनुशासन प्रमुख पद के लिए दो प्रत्याशियों ने आवेदन किया था। मतदान पूरी पारदर्शिता के साथ बैलेट पेपर के माध्यम से कराया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल बिष्ट ने कहा कि विद्यालय में पहली बार छात्र परिषद का गठन किया गया है। उन्होंने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि छात्र परिषद विद्यालय की गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों से विद्यालय हित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान पीठासीन अधिकारी अरविंद सकलानी, बलवीर नकोटी, क्षेत्र पंचायत सदस्य गंभीर सिंह नेगी, ग्राम प्रधान ओंकार नकोटी, अतुल रमोला, हिमानी रमोला, मान सिंह लिगवाल, दक्ष प्रजापति, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल, मतेन्द्र, अमरेन्द्र कुमार, राकेश नेगी, पल्लवी शर्मा, कमल सजवाण, सुधीर नेगी, रजनी बहुगुणा, लाजवंती चौहान, हेमंत कुकरेती, नीरज रौधाना सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



