थत्यूड़ महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की तस्वीर साफ, 10 प्रत्याशी मैदान में; अध्यक्ष पद पर दीपांशु और आशीष में मुकाबला
नाम वापसी के बाद चुनावी सरगर्मी तेज, यूआर पद पर प्रतिष्ठा चमोली निर्विरोध निर्वाचित; कोषाध्यक्ष पद पर रंगीता अकेली प्रत्याशी

थत्यूड़। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में छात्रसंघ चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब विभिन्न पदों पर कुल 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इसके साथ ही महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की तस्वीर भी स्पष्ट हो गई है।
नामांकन वापसी के दौरान विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद के प्रत्याशी सागर और अध्यक्ष पद की प्रत्याशी नंदिनी ने अपने नामांकन वापस ले लिए। वहीं, कोषाध्यक्ष पद की प्रत्याशी सलोनी का नामांकन निर्धारित आयु सीमा पूरी नहीं होने के कारण निरस्त कर दिया गया।
अध्यक्ष पद पर दीपांशु रावत और आशीष सिंह नेगी के बीच सीधा मुकाबला होगा। उपाध्यक्ष पद के लिए दीपिका और शानू पंवार, जबकि सचिव पद पर सानिया धीमान और मुस्कान आमने-सामने हैं। सह-सचिव पद पर काजल गौड़ और मंजू अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर रंगीता एकमात्र प्रत्याशी हैं।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर प्रतिष्ठा चमोली को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। नामांकन जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रत्याशियों ने छात्र-छात्राओं से संपर्क साधना और समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। चुनाव को लेकर महाविद्यालय परिसर में भी गतिविधियां बढ़ने लगी हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. कुंवर सिंह एवं प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव की पूरी प्रक्रिया विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार कराई जा रही है। 26 सितंबर 2026 को वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची महाविद्यालय परिसर में चस्पा कर दी गई है।
प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है। चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही छात्रसंघ चुनाव को लेकर महाविद्यालय परिसर में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।



