थत्यूड़ में 19 सितंबर से शुरू होगा विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ, विधायक चैंपियन ट्रॉफी में दिखेगा खिलाड़ियों का दम
अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में एथलेटिक्स समेत कबड्डी व खो-खो की होंगी प्रतियोगिताएं, विधायक प्रीतम सिंह पंवार करेंगे शुभारंभ

थत्यूड़। धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलने जा रहा है। विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में 19 से 21 सितंबर तक विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ एवं विधायक चैंपियन ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा।
क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी चतर लाल शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि खेल महाकुंभ का शुभारंभ 19 सितंबर को क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार करेंगे। प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के तहत अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में 60 मीटर, 600 मीटर दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद सहित विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं अंडर-19 वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर और 5000 मीटर दौड़ भी होगी।
इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक, कबड्डी और खो-खो जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। खेल महाकुंभ को लेकर क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं में उत्साह का माहौल है।



