उत्तराखंड

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से भाजपा ने 2027 का बजाया बिगुल, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं को मिला विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र, ‘विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करने का आह्वान

हल्द्वानी/देहरादून। भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार को हल्द्वानी में आयोजित हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया गया।

प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बैठक में सहभागिता करते हुए कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ‘विकसित उत्तराखंड’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, जनसेवा के संकल्प और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से संगठन के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने, बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को विकसित एवं सशक्त राज्य बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है।

लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का लक्ष्य

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच जाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ने आगामी चुनाव की तैयारियों को नई दिशा देने का काम किया है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत कर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाते हुए भाजपा को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

ये नेता रहे मौजूद

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!