उत्तराखंड ताज़ा

जनता की चौखट पर मुख्यमंत्री धामी, कैंप कार्यालय में सुनीं फरियादें; अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के सख्त निर्देश

चारधाम यात्रा की सफल व्यवस्थाओं और बुग्यालों से जुड़े स्थानीय हितों पर जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार, बोले- विकास और पर्यावरण के बीच सरकार बना रही संतुलन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर और तय समय सीमा के भीतर किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और हर शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ ही गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता आम जनता को समय पर राहत पहुंचाना और हर क्षेत्र का संतुलित विकास करना है।

 

इस दौरान केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस वर्ष चारधाम यात्रा, विशेषकर केदारनाथ यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार की सतत निगरानी और बेहतर प्रबंधन से श्रद्धालुओं को सुविधाजनक एवं सुरक्षित यात्रा का लाभ मिला है।

 

वहीं विधायक भूपाल राम टम्टा ने बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने और पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार एवं पर्यटन के बीच संतुलन बनाने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बुग्याल उत्तराखंड की अमूल्य प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं तथा हजारों लोगों की आजीविका इनसे जुड़ी हुई है।

 

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार जनहित, पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए उत्तराखंड को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!