धामी सरकार का बड़ा विकास पैकेज: हरिद्वार-देहरादून समेत कई परियोजनाओं को ₹227 करोड़ की मंजूरी, पेंशनरों और सैनिक परिवारों को भी राहत
कुंभ-2027 के लिए घाट और आस्था पथ निर्माण पर 214 करोड़ से अधिक खर्च, न्यू कैंट रोड अपग्रेड, पुलिस चौकी भवन, सैनिकों के आश्रितों की छात्रवृत्ति और पेंशनरों की महंगाई राहत बढ़ाने पर मुख्यमंत्री की मुहर।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विकास कार्यों को नई गति देते हुए विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब ₹227 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन फैसलों में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों से जुड़े बड़े निर्माण कार्य, सड़क चौड़ीकरण, पुलिस भवन निर्माण, सैनिक परिवारों के बच्चों की छात्रवृत्ति तथा पेंशनरों को महंगाई राहत बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जिले में सुल्तानपुर पुलिस चौकी के प्रशासनिक भवन निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹96.59 लाख जारी करने की मंजूरी दी है। वहीं देहरादून के न्यू कैंट मार्ग को दो लेन से तीन लेन में अपग्रेड करने के लिए यूटिलिटी और जलापूर्ति लाइन शिफ्टिंग कार्य हेतु ₹11.95 करोड़ की योजना को भी स्वीकृति मिली है।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को मजबूत करते हुए हरिद्वार के चंडी घाट डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में गंगा के दोनों किनारों पर घाट एवं आस्था पथ निर्माण के लिए क्रमशः ₹98.18 करोड़ और ₹115.91 करोड़ की मंजूरी दी गई है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग, मेडिकल और पीएचडी शिक्षा के लिए कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से ₹36.84 लाख की छात्रवृत्ति स्वीकृत करने का भी अनुमोदन किया है।
इसके अलावा सार्वजनिक निकायों और उपक्रमों के सिविल एवं पारिवारिक पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए 1 जनवरी 2026 से महंगाई राहत (डीआर) की दर बढ़ाकर 60 प्रतिशत प्रतिमाह करने के प्रस्ताव पर भी मुख्यमंत्री ने अपनी मंजूरी दे दी है।
सरकार का मानना है कि इन निर्णयों से प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और सैनिक परिवारों तथा पेंशनरों को सीधा लाभ पहुंचेगा।



