कांवड़ मेला-2026: टिहरी पुलिस अलर्ट, परिवहन यूनियनों के साथ बनाई ट्रैफिक व्यवस्था की मजबूत रणनीति
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में मुनि की रेती में समन्वय बैठक, टेंपो-टैक्सी संचालकों को रूट प्लान, किराया सूची और यातायात नियमों के सख्त पालन के निर्देश

मुनि की रेती (टिहरी गढ़वाल)। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और यातायात बाधारहित बनाने के लिए टिहरी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में शुक्रवार को थाना मुनि की रेती में क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर सुरेंद्र सिंह भंडारी की अध्यक्षता में टेंपो, विक्रम और टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान एवं यातायात निरीक्षक प्रताप सिंह ने मेले के दौरान लागू होने वाली यातायात योजना की विस्तार से जानकारी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी सार्वजनिक वाहन केवल निर्धारित रूट और स्वीकृत ट्रैफिक प्लान के अनुसार ही संचालित होंगे। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन संचालकों को वाहनों में निर्धारित रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने, ओवरलोडिंग से बचने, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
बैठक के अंत में सभी परिवहन यूनियनों ने कांवड़ मेला-2026 को सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने में पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
टिहरी पुलिस ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी प्रतिबद्धता के साथ की जा रही हैं।



