उत्तराखंड

टिहरी में विकास की गूंज, जनकल्याणकारी शिविरों में उमड़ी भीड़; घर-घर पहुंच रही योजनाओं की सौगात

'विकसित भारत की ओर : जन-जन तक विकास, हर घर कल्याण' थीम पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी एवं शिविरों का आयोजन, हजारों लोगों को मिली योजनाओं की जानकारी और लाभ

टिहरी गढ़वाल। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद टिहरी गढ़वाल में “विकसित भारत की ओर : जन-जन तक विकास, हर घर कल्याण” थीम के तहत आयोजित प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविरों में आमजन ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया।

 

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार 18 से 20 जून तक जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं नगर क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विकासपरक और कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

 

विकासखंड थौलधार में आयोजित शिविर का शुभारंभ विधायक प्रीतम सिंह पंवार की अध्यक्षता में हुआ, जबकि भिलंगना में विधायक शक्ति लाल शाह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। चंबा में आयोजित शिविर में विधायक किशोर उपाध्याय ने बतौर मुख्य अतिथि सहभागिता की।

 

इसके अलावा नरेंद्रनगर, मुनिकीरेती और तपोवन क्षेत्रों में भी प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविर लगाए गए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

 

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!