SIR-2026 में टिहरी के बीएलओ बने मिसाल, घर-घर पहुंचकर रिकॉर्ड समय में पूरा किया मतदाता सत्यापन कार्य
जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ की सराहना की, कहा- विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता में बूथ लेवल अधिकारियों की भूमिका सबसे अहम

टिहरी गढ़वाल। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने शानदार कार्य करते हुए मतदाता सत्यापन अभियान को नई गति दी है। घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरित करने और बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटाइजेशन का कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा कर कई बीएलओ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र में नकोट मतदान केंद्र की बीएलओ रेखा देवी ने 212 में से 211 मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाकर और उनका डिजिटाइजेशन कर उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं घनसाली, टिहरी, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग और प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्रों के कई बीएलओ ने भी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
बीएलओ ने पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ मतदाताओं से समन्वय स्थापित करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यों से निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सशक्त बनाने में मदद मिली है।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी बीएलओ की सराहना करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सफलता पूरी तरह बीएलओ की मेहनत और समर्पण पर निर्भर है। उन्होंने सभी अधिकारियों से इसी उत्साह और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अभियान को शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।



