उत्तराखंड ताज़ा

उत्तराखंड के सभी स्कूलों में अनिवार्य होंगे NCC, NSS और स्काउट-गाइड, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने दिए बड़े निर्देश

स्कूलों में ड्रॉपआउट दर शून्य करने के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना

श्रीनगर/देहरादून। उत्तराखंड सरकार विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने की तैयारी में जुट गई है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के सभी विद्यालयों में एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड की इकाइयों का गठन अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं।

श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में स्कूल छोड़ने वाले छात्रों की संख्या को शून्य करने के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को अधिक गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित और छात्र-केंद्रित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

बैठक में डॉ. रावत ने कहा कि विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ने के लिए एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड जैसी गतिविधियों में उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए ताकि पात्र छात्र-छात्राएं इसका पूरा लाभ उठा सकें।

शिक्षा मंत्री ने विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और कंप्यूटर लैब जैसी मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इसके अलावा छात्र संख्या के आधार पर विद्यालयों के उच्चीकरण, डी-श्रेणी विद्यालयों के लिए डीपीआर तैयार करने और शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अटल उत्कृष्ट विद्यालयों, क्लस्टर विद्यालयों, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही डायट संस्थानों में संसाधनों की उपलब्धता और शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!