फीस और गतिविधियों को लेकर अभिभावकों की शिकायतों पर सख्त हुई डीएम, ऑल सेन्ट कॉन्वेंट स्कूल प्रबंधन को दिए निर्देश
नई टिहरी में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने स्कूल प्रबंधन के साथ की अहम बैठक, कहा— अभिभावकों की समस्याओं का हो समयबद्ध समाधान

टिहरी गढ़वाल, 25 मई। नई टिहरी स्थित All Saint Convent School में फीस और विभिन्न गतिविधियों के नाम पर लिए जा रहे शुल्क को लेकर अभिभावकों की शिकायतों पर जिला प्रशासन गंभीर हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक कर अभिभावकों की समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में विद्यालय शुल्क, अतिरिक्त गतिविधियों के लिए ली जाने वाली फीस और अभिभावकों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर मंथन किया गया। जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए कि स्कूल में आने वाले प्रत्येक अभिभावक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका समयबद्ध व सकारात्मक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान तथा स्कूल प्रबंधक जॉस टी. जे. भी मौजूद रहे।



