उत्तराखंड ताज़ा

देहरादून में गैस माफिया पर वार, QRT की ताबड़तोड़ कार्रवाई

क्यूआरटी की कार्रवाई में घरेलू व व्यावसायिक सिलेंडर बरामद, कालाबाजारी की आशंका पर केस दर्ज

देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं रिफिलिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने गुरुवार देर शाम बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) ने सहस्त्रधारा रोड स्थित काली बस्ती क्षेत्र में एक मकान पर छापेमारी कर 7 गैस सिलेंडर बरामद किए।

छापेमारी के दौरान मकान की छत से 4 व्यावसायिक और 3 घरेलू गैस सिलेंडर मिले। व्यावसायिक सिलेंडरों में भारत और एचपी कंपनी के सिलेंडर शामिल हैं, जिनमें से 3 आंशिक रूप से भरे हुए पाए गए। वहीं, घरेलू सिलेंडरों में इंडियन ऑयल कंपनी के 1 भरा हुआ और 2 खाली सिलेंडर बरामद हुए।

प्रथम दृष्टया मामला अवैध भंडारण और गैस की कालाबाजारी से जुड़ा पाए जाने पर प्रशासन ने सभी 7 सिलेंडरों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। जब्त सिलेंडरों को विधिक प्रक्रिया के तहत जीवन ज्योति गैस सर्विस, कैनाल रोड, किशनपुर की सुपुर्दगी में दिया गया है।

जिला प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य गैस आपूर्ति प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखना और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाना है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग और अनधिकृत भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!