धनोल्टी बाजार में क्यूआरटी टीम का औचक छापा, घरेलू गैस के अवैध उपयोग पर सख्त चेतावनी
होटल-ढाबों में जांच अभियान तेज, उपभोक्ताओं से पैनिक बुकिंग न करने की अपील; 21 मार्च को थत्यूड़ क्षेत्र में गैस वितरण

थत्यूड़ (टिहरी)। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में तहसील धनोल्टी क्षेत्र में गठित क्यूआरटी (Quick Response Team) द्वारा शुक्रवार को धनोल्टी बाजार में होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर प्रभावी रोक लगाना रहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश प्रतिष्ठानों में नियमों के अनुरूप कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों का उपयोग पाया गया। वहीं कुछ स्थानों पर इंडक्शन चूल्हों के माध्यम से भोजन तैयार किया जा रहा था, जबकि कुछ ढाबों में पारंपरिक लकड़ी के चूल्हों का भी इस्तेमाल देखा गया।
अभियान के दौरान टीम ने सभी प्रतिष्ठान स्वामियों को कड़े निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि व्यावसायिक कार्यों में घरेलू गैस का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। यदि भविष्य में किसी भी प्रतिष्ठान में घरेलू सिलेंडर का उपयोग पाया गया, तो संबंधित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इधर, चंबा स्थित अनमोल गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को उनकी पूर्व ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर शांतिपूर्ण ढंग से गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। वहीं ओम भारत गैस, मसूरी द्वारा भी तहसील परिसर और आसपास के क्षेत्रों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत घरेलू गैस आपूर्ति सुनिश्चित की गई।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है, इसलिए अनावश्यक घबराहट में पैनिक बुकिंग से बचें। उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन बुकिंग करें, जिसके बाद एजेंसियां रोस्टर के अनुसार समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करेंगी।
मसूरी गैस सर्विस के अनुसार 21 मार्च 2026 को भवान, थत्यूड़ और आसपास के क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों का वितरण किया जाएगा।
इस निरीक्षण अभियान में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विवेक शाह, पूर्ति निरीक्षक अंजलि पवार, प्रदीप पंत, राजस्व उप निरीक्षक अंबुज चतुर्वेदी तथा पुलिस विभाग से दिलीप कुमार और संदीप कुमार शामिल रहे।



