
उत्तरकाशी, 03 फरवरी। मनेरा स्टेडियम में आयोजित सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिता का समापन समारोह हर्षोल्लास एवं खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग की कबड्डी, वॉलीबॉल तथा बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें जनपद की विभिन्न विधानसभाओं के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पुरोला विधानसभा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि यमुनोत्री विधानसभा द्वितीय एवं धनोल्टी विधानसभा तृतीय स्थान पर रही। वहीं बालक वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में धनोल्टी विधानसभा ने प्रथम, पुरोला विधानसभा ने द्वितीय तथा टिहरी विधानसभा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में टिहरी विधानसभा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतापनगर विधानसभा द्वितीय रही, जबकि पुरोला विधानसभा को तृतीय स्थान से संतोष करना पड़ा।
अंडर-14 बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गंगोत्री एवं घनसाली विधानसभा के मध्य खेला गया, जिसमें गंगोत्री विधानसभा विजेता रही। घनसाली विधानसभा ने द्वितीय तथा धनोल्टी विधानसभा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समारोह में मुख्य अतिथि अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बड़ाहाट भूपेन्द्र सिंह चौहान एवं विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभासद महावीर सिंह चौहान, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, खंड विकास अधिकारी डॉ. अमित ममगई, जिला क्रीडाधिकारी बबीता बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी उत्तरकाशी एवं टिहरी पंकज तिवारी, नोडल अधिकारी खेल महाकुंभ संदीप राणा सहित खेल एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन करते हुए विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जो प्रतिभागी इस बार स्थान प्राप्त नहीं कर सके, वे निराश न हों और भविष्य में और अधिक मेहनत कर अपनी प्रतिभा को निखारें, ताकि वे अपने जनपद, राज्य एवं देश का नाम रोशन कर सकें।
समापन अवसर पर सांसद ट्रॉफी की ऑल ओवर विजेता यमुनोत्री विधानसभा को 02 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया।



