02 जनवरी से शुरू होगा ‘मीडिएशन फॉर द नेशन 2.0’ अभियान, 90 दिनों में सुलह से निपटेंगे हजारों मामले

देहरादून। सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के क्रम में देशभर में लम्बित वादों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से 02 जनवरी 2026 से 90 दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान ‘मीडिएशन फॉर द नेशन 2.0’ की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान के तहत मीडियेशन/मध्यस्थता के माध्यम से पक्षकारों के बीच आपसी सुलह-समझौते के आधार पर अधिक से अधिक मामलों के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून सीमा डुँगराकोटी ने बताया कि यह अभियान विवादों के त्वरित, सरल और प्रभावी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मध्यस्थता के जरिए न केवल समय और धन की बचत होती है, बल्कि गोपनीयता बनी रहती है और पक्षकारों के आपसी संबंधों में भी सौहार्द व विश्वास कायम रहता है। साथ ही, न्यायालयों पर बढ़ते मामलों का बोझ भी कम होता है।
उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह है कि लोग लम्बी न्यायिक प्रक्रिया, अनावश्यक खर्च और मानसिक तनाव से बचते हुए आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान कर सकें। प्रशिक्षित मध्यस्थों की सहायता से संवाद के माध्यम से विवादों का समाधान निकाला जाता है, जिससे दोनों पक्ष संतुष्ट रहते हैं।
यह अभियान विशेष रूप से पारिवारिक, वैवाहिक, संपत्ति संबंधी, किराया व मकानमालिक-किरायेदार विवाद, धन लेन-देन, श्रम एवं अन्य नागरिक प्रकृति के मामलों में मध्यस्थता को बढ़ावा देगा।
जनपद देहरादून के देहरादून, विकासनगर, ऋषिकेश, डोईवाला, चकराता एवं मसूरी स्थित माननीय न्यायालयों में लम्बित वादों के वादकारी इस अभियान का लाभ उठा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।



