कृषि एवं उद्यान विभाग के दैनिक श्रमिकों के मानदेय में बढ़ोतरी, दैनिक श्रमिकों में खुशी की लहर

देहरादून, 12 जून। प्रदेश के कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों के क्रम में उद्यान विभाग में कार्यरत दैनिक श्रमिकों के मानदेय में बढ़ोतरी कर दी गई है। लंबे समय से दैनिक कर्मचारियों द्वारा मानदेय बढ़ोतरी की मांग की जा रही थी। विभागीय मंत्री गणेश जोशी द्वारा दिए गए निर्देशों के उपरांत दैनिक श्रमिकों के मानदेय में वृद्धि की गई है और इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
उद्यान विभाग में कार्यरत विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों के मानदेय में निम्नलिखित बढ़ोतरी की गई है:
- अकुशल श्रमिक: 8213 रुपए से बढ़ाकर 12500 रुपए
- अर्द्धकुशल श्रमिक: 8788 रुपए से बढ़ाकर 12933 रुपए
- कुशल श्रमिक: 9370 रुपए से बढ़ाकर 13365 रुपए
- लिपिक वर्गीय कर्मचारी: 10328 रुपए से बढ़ाकर 14093 रुपए
- श्रेणी क और ख के कर्मचारी: 9611 रुपए से बढ़ाकर 13551 रुपए
इस बढ़ोतरी से दैनिक श्रमिकों को आर्थिक रूप से राहत मिलेगी और वे अपने परिवार की बेहतर तरीके से देखभाल कर सकेंगे। विभागीय मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार श्रमिकों के हितों को सर्वोपरि मानती है और उनके कार्य की सराहना करती है। सरकार भविष्य में भी श्रमिकों के हित में निर्णय लेती रहेगी।
इस मानदेय बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी होने से दैनिक श्रमिकों में खुशी की लहर है और उन्होंने विभागीय मंत्री गणेश जोशी का आभार व्यक्त किया है।