थत्यूड

5 साल बाद भी अधूरी धनोल्टी की मल्टी स्टोरी पार्किंग, व्यापारियों का सब्र टूटा

पर्यटन नगरी में जाम बना स्थायी समस्या, करोड़ों की योजना फाइलों में ही सिमटी

रिपोर्ट –मुकेश रावत 

थत्यूड़,(टिहरी)। जौनपुर विकासखंड के प्रमुख पर्यटक स्थल धनोल्टी में श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूरल मिशन से स्वीकृत मल्टी स्टोरी कार पार्किंग का निर्माण पिछले पांच वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। इसका असर स्थानीय व्यापारियों और सैलानियों पर पड़ रहा है, जिससे नाराजगी और आक्रोश बढ़ गया है।

पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य तपेंद्र बेलवाल ने बताया कि वर्ष 2020 में शुरू हुई इस पार्किंग निर्माण परियोजना का कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि लगभग चार करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना पांच वर्षों में पूरी न होना विभाग की कछुआ चाल को उजागर करता है।

व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने भी लंबित निर्माण पर गहरी नाराजगी जताई। व्यापार मंडल अध्यक्ष रघुवीर रमोला, महामंत्री जगदीश सेमवाल, पूर्व प्रधान नीरज बेलवाल, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष यशपाल सिंह बेलवाल, मनोज उनियाल, राजेश भंडारी और पदम सिंह कठेत ने कहा कि धनोल्टी वर्षभर पर्यटकों से भरा रहता है। गर्मियों, नए साल और बर्फबारी के मौसम में सैलानियों की भीड़ बढ़ने के कारण जाम की स्थिति आम हो जाती है।

व्यापारियों ने शासन प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पार्किंग निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए ताकि सैलानियों और स्थानीय लोगों को जाम और पार्किंग की समस्याओं से राहत मिल सके।

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग, थत्यूड़ के ईई राजेंद्र टमटा ने कहा कि संबंधित ठेकेदार को एक-दो नोटिस दिए जाएंगे। इसके बावजूद यदि कार्य पूरा नहीं हुआ तो निर्माण अनुबंध को समाप्त कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!