‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में समस्याओं का मौके पर समाधान
विकास खण्ड जौनपुर के स्यालसी में आयोजित हुआ बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर

थत्यूड। विकास खण्ड जौनपुर की न्याय पंचायत स्यालसी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में शुक्रवार को ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार की उपस्थिति में तथा अध्यक्षता जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की।
विधायक बोले—हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचे योजनाओं का लाभ
इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की कई न्याय पंचायतों में ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जबकि शेष क्षेत्रों में भी शीघ्र शिविर लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त अधिकांश शिकायतों एवं मांगों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शासन स्तर से संबंधित प्रकरणों को शासन को प्रेषित किया गया है।
विधायक ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
डीएम ने किया विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने शिविर में लगाए गए सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए छात्रों से संवाद किया और उन्हें भविष्य की तैयारी, शिक्षा एवं अनुशासन के महत्व के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया।
72 शिकायतें दर्ज, कई सेवाएं मौके पर उपलब्ध
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 72 शिकायतें, मांग एवं आवेदन पत्र प्राप्त हुए।
नोडल अधिकारी के रूप में एई लोनिवि थत्यूड़ मदन मोहन जोशी नियुक्त रहे, जबकि मंच संचालन महावीर नौटियाल द्वारा किया गया।
स्वास्थ्य से लेकर कृषि तक मिलीं अनेक सुविधाएं
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण, जॉब कार्ड आवेदन, यूसीसी पंजीकरण, राशन कार्ड संशोधन,पशुपालन एवं दवा वितरण जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कृषि विभाग के प्रतिनिधि सुनील डोगरा ने जानकारी दी कि आज शिविर के माध्यम से 30 हजार कृषि यंत्र 80 प्रतिशत अनुदान पर वितरित किए जा चुके हैं।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का मौके पर निस्तारण भी किया गया।
जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, जिला पंचायत सदस्य ममता रावत एवं सविता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेन्द्र भण्डारी, प्रधान दलपति पडियार एवं कुलदीप चौहान, भाजपा ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष खेमराज भट्ट, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम नीलू चावला, तहसीलदार बिरम सिंह, बीडीओ अर्जुन सिंह रावत, सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव, ईई जल निगम केएन सेमवाल, प्रधानाचार्य गिरीश चन्द्र बौड़ाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



