अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई; एक बीघा में हो रही थी प्लॉटिंग
देहरादून News: पित्थुवाला खुर्द में बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनी को किया ध्वस्त, एमडीडीए ने निवेशकों को भी दी चेतावनी

देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत भूमि विकास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिमला बाईपास स्थित पित्थुवाला खुर्द में लगभग एक बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों में हड़कंप मच गया है।
एमडीडीए के अनुसार पित्थुवाला खुर्द क्षेत्र में सुभाष कश्यप द्वारा बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और स्वीकृत ले-आउट के प्लॉटिंग की जा रही थी। जांच में भूमि विकास कार्य नियमों के विपरीत पाए जाने पर प्राधिकरण ने नियमानुसार बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
अनधिकृत कॉलोनियों पर एमडीडीए की पैनी नजर
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग, कॉलोनी विकास या निर्माण गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कॉलोनियां शहरी विकास योजनाओं को प्रभावित करती हैं और भविष्य में मूलभूत सुविधाओं के विकास में भी बाधा बनती हैं।
अभियान लगातार रहेगा जारी
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी कर भूमि विकास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं प्राधिकरण सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी।
निवेशकों को दी यह सलाह
एमडीडीए ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भूखंड या संपत्ति में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति और प्राधिकरण से मिली स्वीकृतियों की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



