Blog

नौ साल होटल में नौकरी के बाद कमल लाल ने थत्यूड़ में शुरू किया अपना कारोबार, स्वरोजगार से रोकेंगे पलायन

टिहरी जिला सहकारी बैंक के सहयोग से खुली चिकन शॉप, निदेशक सूरज बिष्ट ने किया उद्घाटन; युवाओं से अपने क्षेत्र में रोजगार शुरू करने की अपील

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। पहाड़ों से रोजगार की तलाश में होने वाले पलायन को रोकने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार की पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी दिशा में जौनपुर विकासखंड के थत्यूड़ बाजार स्थित कॉलोनी मार्केट में युवा कमल लाल ने अपना व्यवसाय शुरू कर नई पहल की है। नौ साल तक होटल में नौकरी करने के बाद कमल लाल ने स्वरोजगार का रास्ता चुना और सहकारी बैंक से ऋण लेकर चिकन शॉप खोली। दुकान का उद्घाटन जिला सहकारी बैंक जौनपुर के निदेशक सूरज बिष्ट ने किया।

 

उद्घाटन के अवसर पर जिला सहकारी बैंक जौनपुर के निदेशक सूरज बिष्ट ने बताया कि कमल लाल को व्यवसाय शुरू करने के लिए सहकारी बैंक के माध्यम से डेढ़ लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और टिहरी जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष रमोला के नेतृत्व में युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और रिवर्स पलायन को बढ़ावा देना है। पहाड़ के युवाओं में हुनर और मेहनत की कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें सही मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग देने की, जिससे वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें।

 

कमल लाल ने बताया कि उन्होंने करीब नौ साल तक होटल में नौकरी की। इस दौरान उन्हें काम का अनुभव मिला और धीरे-धीरे खुद का व्यवसाय शुरू करने का विचार आया। इसके बाद उन्होंने सहकारी बैंक से ऋण लेकर थत्यूड़ के कॉलोनी मार्केट में अपनी दुकान शुरू की।

 

उन्होंने जिला सहकारी बैंक जौनपुर के निदेशक सूरज बिष्ट का आभार जताते हुए कहा कि स्वरोजगार के लिए ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया में उन्हें पूरा सहयोग मिला। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्थानीय लोगों के सहयोग से उनका व्यवसाय आगे बढ़ेगा।

 

कमल लाल ने बताया कि उनकी दुकान पर ग्राहकों के लिए चिकन, मटन और मछली उपलब्ध रहेगी। उनका उद्देश्य स्थानीय बाजार में लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के साथ अपना कारोबार आगे बढ़ाना है।

 

सूरज बिष्ट ने युवाओं से अपील की कि वे नौकरी की तलाश में दूसरे शहरों की ओर जाने के साथ-साथ अपने गांव और क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी विचार करें। उन्होंने कहा कि युवा अपने हुनर और मेहनत के दम पर स्थानीय स्तर पर व्यवसाय स्थापित कर सकते हैं। इससे वे आत्मनिर्भर बनेंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

उन्होंने स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक युवाओं से जिला सहकारी बैंक से संपर्क कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं को नियमानुसार ऋण उपलब्ध कराने और उन्हें प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

इस अवसर पर चेतन प्रसाद चमोली, दीपक चमोली, मनवीर पुंडीर, गुडमोहन बिष्ट, भगवती प्रसाद चमोली, प्रवीण नौटियाल, जयानंद चमोली, अजय चमोली, मिजान पंवार, सतीश लेखवार, जयकृष्ण थपलियाल, राहुल पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!