उत्तराखंड

जौनपुर रेंज में वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ, विद्यार्थियों को दिलाई संरक्षण की शपथ

गांधी जयंती पर वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में हुआ ध्वजारोहण; धनौल्टी के विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, वन्यजीव संरक्षण के प्रति किया जागरूक

रिपोर्ट–मुकेश रावत 

थत्यूड़/धनौल्टी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर को वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय, जौनपुर रेंज में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

गांधी जयंती के अवसर पर ही 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक आयोजित वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन और उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा के लिए शपथ दिलाई गई। साथ ही मानव और वन्यजीवों के बीच बेहतर सह-अस्तित्व स्थापित करने तथा आमजन को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

विद्यार्थियों को बताया वन्यजीवों का महत्व

वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह के तहत जनजागरूकता अभियान की शुरुआत धनौल्टी स्थित जनजागृति माध्यमिक विद्यालय से की गई। यहां छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को वन्य प्राणियों के महत्व, उनके संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार के संबंध में जानकारी दी।

इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी जौनपुर रेंज लतिका उनियाल ने विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि वन्यजीव पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके संरक्षण से जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहने और उनके संरक्षण का संदेश अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

लतिका उनियाल का वर्जन

वन क्षेत्राधिकारी जौनपुर रेंज लतिका उनियाल ने कहा, “वन्यजीव हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का अभिन्न हिस्सा हैं। इनके संरक्षण की जिम्मेदारी केवल वन विभाग की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है। वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह के माध्यम से विद्यालयों और स्थानीय समुदायों तक वन्यजीव संरक्षण का संदेश पहुंचाया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों को वन्यजीवों के महत्व और उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। भावी पीढ़ी प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं से बढ़ेगी जनभागीदारी

जौनपुर रेंज की ओर से वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह के दौरान विभिन्न विद्यालयों एवं स्थानीय समुदायों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं सहित जनसहभागिता आधारित गतिविधियों के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, अध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना, संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाना और युवा पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाना वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह का प्रमुख उद्देश्य है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!