उत्तराखंड

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का लिया जायजा, महिलाओं के आत्मनिर्भर प्रयासों को सराहा

सर्वशक्ति सीएलएफ तुल्याड़ा के कलेक्शन सेंटर का किया उद्घाटन, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली में विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

उत्तरकाशी। मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने अपने तीन दिवसीय सीमांत जनपद दौरे के पहले दिन शुक्रवार को चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी, ग्राम मल्ली स्थित सर्वशक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) तुल्याड़ा के कलेक्शन सेंटर और पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामरिक एवं नागरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सुविधाओं का जायजा लेने के साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मुख्य सचिव सबसे पहले चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पहुंचे। उन्होंने एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों से हवाई पट्टी की वर्तमान व्यवस्थाओं और विस्तार योजनाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने आवश्यक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। चीन सीमा से निकटता के कारण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन, आपातकालीन रेस्क्यू और वीवीआईपी आवाजाही में भी इसकी अहम भूमिका है।

इसके बाद मुख्य सचिव विकासखंड चिन्यालीसौड़ के ग्राम मल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने सर्वशक्ति सीएलएफ तुल्याड़ा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और लखपति दीदियों से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों, उत्पादन और स्वरोजगार के अनुभवों की जानकारी ली। महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों का अवलोकन करते हुए उन्होंने महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।

महिलाओं ने बताया कि सर्वशक्ति सीएलएफ तुल्याड़ा को यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना और आईएफएडी के वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। क्लस्टर से जुड़ी महिलाएं बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग, डेयरी, मुर्गी पालन और स्थानीय उत्पादों एवं अचार निर्माण जैसी विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।

इसके बाद मुख्य सचिव विकासखंड डुंडा के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली पहुंचे। उन्होंने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें भविष्य की चुनौतियों का निडरता से सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने और निरंतर मेहनत के जरिए सफलता हासिल करने का आह्वान किया।

मुख्य सचिव ने विद्यालय की प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विद्यालय परिसर में मुख्य सचिव ने पौधारोपण भी किया। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक एवं खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित कक्षा 12 के छात्र राजीव तथा कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित कक्षा 11 के छात्र शुभम को सम्मानित किया गया। गृह परीक्षा सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लविश और अस्मित को भी सम्मानित किया गया।

इसके अलावा परिषदीय हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली टॉपर निधि भट्ट और अनुष्का को सम्मानित कर मुख्य सचिव ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इन छात्र-छात्राओं से प्रेरणा लेकर कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, एसडीएम देवानंद शर्मा, सीओ चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, ईई सिंचाई सचिन सिंहल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!