उत्तराखंड

आईआईटी रुड़की में प्रशिक्षण के बाद IIM काशीपुर पहुंचेंगी थत्यूड़ महाविद्यालय की दो छात्राएं

देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत स्वाति पुरी और चांदनी का चयन, 23 से 28 सितंबर तक लेंगी Entrepreneurship Development Programme में प्रशिक्षण

रिपोर्ट –मुकेश रावत 

थत्यूड़, टिहरी गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ की दो छात्राओं ने देवभूमि उद्यमिता योजना (D.U.Y.) के तहत उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। महाविद्यालय के तृतीय सेमेस्टर में अध्ययनरत कु. स्वाति पुरी एवं कु. चांदनी का आईआईटी रुड़की में प्रशिक्षण के बाद आईआईएम काशीपुर के Entrepreneurship Development Programme (EDP) के लिए चयन हुआ है।

 

चयनित दोनों छात्राएं 23 से 28 सितंबर 2026 तक आईआईएम काशीपुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी। छात्राओं के चयन से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय परिवार ने इसे संस्थान के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

 

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने दोनों छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की प्रतिभा और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता युवाओं के लिए केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वरोजगार के साथ दूसरों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने का भी प्रभावी जरिया बन रही है। देवभूमि उद्यमिता योजना युवाओं को अपने नए विचारों, कौशल और प्रतिभा को विकसित कर उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान कर रही है।

 

महाविद्यालय की नोडल अधिकारी डॉ. गीता रावत शाह ने बताया कि पिछले वर्ष भी महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया था। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में नवाचार, नेतृत्व क्षमता, व्यावसायिक सोच और उद्यमिता कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

छात्राओं के चयन पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने स्वाति पुरी एवं चांदनी को शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि आईआईएम काशीपुर से प्राप्त प्रशिक्षण और अनुभव का उपयोग दोनों छात्राएं भविष्य में सफल उद्यम स्थापित करने के साथ ही अन्य युवाओं को भी उद्यमिता के लिए प्रेरित करने में करेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!