छात्रा के सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने मौके पर ही की बड़ी घोषणा, 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों को मिलेंगे टैब

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, तकनीक और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए और अपने सुझाव भी साझा किए।
संवाद के दौरान हरिद्वार की कक्षा 11वीं की छात्रा लवप्रीत कौर ने ऑनलाइन पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का मुद्दा उठाया। छात्रा ने मुख्यमंत्री से कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन शिक्षा का महत्व लगातार बढ़ रहा है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बच्चों को मोबाइल फोन या लैपटॉप उपलब्ध कराना आसान नहीं है। उन्होंने पूछा कि ऐसे विद्यार्थियों के लिए सरकार की ओर से क्या व्यवस्था की जाएगी।
छात्रा के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम के दौरान ही महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब उपलब्ध कराने के लिए उनके खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद से उनकी अपेक्षाओं, समस्याओं और सुझावों को समझने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय में तकनीक शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है और सरकार का प्रयास है कि आर्थिक परिस्थितियां किसी विद्यार्थी की पढ़ाई में बाधा न बनें।



