उत्तराखंड में विकास को रफ्तार: मुख्यमंत्री धामी ने ₹7 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी
पिथौरागढ़, चंपावत, टिहरी, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर में सड़क, मंदिर सौंदर्यीकरण व अन्य विकास कार्यों को मिलेगी गति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों को गति देने के लिए करीब ₹7 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी प्रदान की है। स्वीकृत योजनाओं में सड़क निर्माण, संपर्क मार्ग, इंटरलॉकिंग टाइल्स, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विकास और अन्य जनहित से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय कल्याण सिंह अधिकारी के सम्मान में उनकी प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री की स्वीकृति से पिथौरागढ़, चंपावत, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर जिले में विभिन्न विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का रास्ता साफ हुआ है।
टिहरी में सड़क निर्माण को मिली मंजूरी
जनपद टिहरी गढ़वाल के नई टिहरी विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पुलिया नामे पंचायत खड़ीखाल में सड़क से भारी केमर गांव डाबरा पानी तोक तक आरसीसी खड़ंजा रेलिंग मार्ग के निर्माण के लिए ₹52.06 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹31.23 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन किया गया है।
मंदिरों के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं पर जोर
पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र स्थित ध्वज जयंती माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवास, पेयजल, शौचालय और मार्ग सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹97.09 लाख की स्वीकृति दी गई है। प्रथम किश्त के रूप में ₹58.25 लाख जारी किए जाने का अनुमोदन किया गया है।
उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के नौगांव विकासखंड में रंवाई घाटी के आराध्य देवी श्री रुद्रेश्वर महाराज मंदिर, बिल्ला नौगांव के सौंदर्यीकरण के लिए ₹1.79 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹1.07 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसी तरह अल्मोड़ा के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में मल्ली मनिला मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹98.80 लाख तथा जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के धौलादेवी विकासखंड के भेटाबडोली स्थित भीमादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹98.50 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।
सड़क और संपर्क मार्गों को भी मिलेगी मजबूती
पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के एंचोली-जाख मोटर मार्ग में मोती मार्ग प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए ₹8.93 लाख की स्वीकृति दी गई है। चंपावत विधानसभा क्षेत्र में सेलागाड से कोटकेन्द्री तक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए ₹40.53 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत सिरड़ के नैनीपाताल से ग्राम पंचायत नाघर इंटर कॉलेज तक सीसी संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए ₹79.87 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रथम किश्त के रूप में ₹47.92 लाख जारी किए जाने का अनुमोदन किया गया है।
गदरपुर में मंदिर और धर्मशाला निर्माण को मंजूरी
ऊधमसिंह नगर के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रामबाग, हरिपुरा और पंचाननपुर में गोविंद मंदिर/धर्मशाला, मसीत मंदिर/धर्मशाला तथा तालाब के पास मंदिर/धर्मशाला निर्माण के लिए ₹2.54 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रथम किश्त के रूप में ₹1.02 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
चंपावत में आंतरिक मार्ग होंगे बेहतर
चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मैरोली और ग्राम पंचायत बड़पास में आंतरिक मार्गों का इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्माण किया जाएगा। इसके लिए ₹3.89 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रथम किश्त के रूप में ₹1.87 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन किया गया है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कल्याण सिंह अधिकारी की लगेगी प्रतिमा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के बाराकोट विकासखंड में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय कल्याण सिंह अधिकारी के सम्मान में उनकी प्रतिमा स्थापित किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। प्रतिमा स्थापना के लिए ₹32.49 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन किया गया है।
सरकार की इन स्वीकृतियों से पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क और संपर्क सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक स्थलों के विकास तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।



