पुलिस कर्मियों के कल्याण को धामी सरकार का बड़ा फैसला, नई टिहरी में 90 वर्गमीटर भूमि निःशुल्क आवंटित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने दी मंजूरी, पुलिस विभाग की आधारभूत सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं को मिलेगा नया बल

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड सरकार ने पुलिस कर्मियों के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शासन ने नई टिहरी में पुलिस विभाग को आवंटित आवासीय भवन संख्या-12, सी-ब्लॉक टाइप-3 के समीप स्थित 90 वर्गमीटर रिक्त भूमि को पुलिस विभाग के कल्याणार्थ निःशुल्क आवंटित करने की स्वीकृति दे दी है।
इस संबंध में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने जिलाधिकारी एवं पुनर्वास निदेशक, टिहरी बांध परियोजना, नई टिहरी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। शासन ने स्पष्ट किया है कि नियमानुसार भूमि का निःशुल्क आवंटन सुनिश्चित करते हुए इसकी रिपोर्ट शासन को भी उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस कर्मियों के हितों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस भूमि आवंटन से पुलिस विभाग को आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास में मदद मिलेगी और पुलिस कर्मियों से जुड़ी कल्याणकारी व्यवस्थाएं और अधिक मजबूत होंगी।



