उत्तराखंड ताज़ा

25 जुलाई तक पूरी हों कांवड़ मेले की तैयारियां, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम

ऋषिकेश में डीएम डॉ. आशीष चौहान का स्थलीय निरीक्षण, आईडीपीएल मैदान से गंगा घाटों तक सुरक्षा, स्वच्छता, पार्किंग, मेडिकल कैंप और सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

देहरादून। कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को ऋषिकेश में कांवड़ यात्रा मार्ग और आईडीपीएल मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को साफ शब्दों में निर्देश दिए कि 25 जुलाई तक मेले से जुड़ी सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने आईडीपीएल मैदान में कांवड़ियों के ठहराव के लिए पर्याप्त पार्किंग, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग को सड़क मरम्मत, गड्ढे भरने, पुलों की रेलिंग दुरुस्त करने और पूरे यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट सुनिश्चित करने को कहा।

गंगा घाटों पर सुरक्षा चेन, नियमित सफाई, फॉगिंग और दवा छिड़काव के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल कैंप और फर्स्ट एड टीम तैनात करने के आदेश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीएम ने कहा कि पिछले वर्ष की कमियों से सीख लेकर इस बार व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही अवैध दुकानों, फर्जी नाम से संचालित ढाबों, ओवररेटिंग और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन के अनुसार 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाले कांवड़ मेले में 31 जुलाई से 4 अगस्त के बीच सबसे अधिक भीड़ रहने की संभावना है, जबकि 8 से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ का संचालन होगा। पूरे कांवड़ मार्ग को सुरक्षा की दृष्टि से 4 जोन और 13 सेक्टर में बांटा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!